बस्ती मंडल न्यूज़ संवाददाता: गोविंद कुमार

डिडई (सिद्धार्थनगर): जनपद सिद्धार्थनगर की डिडई थाना पुलिस ने बीती रात वाहन चेकिंग के दौरान अवैध अंग्रेजी शराब की एक बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक डिजायर कार से भारी मात्रा में शराब बरामद कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिसमें से एक आरोपी नेपाल का निवासी है। बरामद शराब की कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई जा रही है।

टोल प्लाजा पर हुई कार्रवाई:

एसएसपी डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के तहत, प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार मौर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम बेलगड़ी टोल प्लाजा पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान हरियाणा नंबर की एक डिजायर कार (HR55AZ2012) को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 6 कपड़ों के झोलों में छिपाकर रखी गई ओल्ड मोंक ब्रांड की 475 बोतलें बरामद हुईं।

गाजियाबाद से नेपाल का था कनेक्शन:

पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने कबूल किया कि वे यह शराब गाजियाबाद से लाकर नेपाल ले जा रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सनी (निवासी दिल्ली/उन्नाव) और मानबहादुर (निवासी पालपा, लुम्बिनी, नेपाल) के रूप में हुई है।

कानूनी कार्रवाई:

पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ मु0अ0सं0 25/2026 की धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है। इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक उदय सिंह, चंद्रशेखर यादव और राजीव भट्ट की अहम भूमिका रही।