बस्ती मंडल न्यूज़ | संवाददाता: गोविंद कुमार, सिद्धार्थनगर
डुमरियागंज, सिद्धार्थनगर। जनपद के डुमरियागंज थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। देवीपाटन मंदिर दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे नाले में जा गिरी। इस घटना में बस चालक और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बस में सवार अन्य 80 यात्री बाल-बाल बच गए।
बाइक सवार को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह बस गोंडा जिले के खोड़ारे थाना क्षेत्र से श्रद्धालुओं को लेकर बलरामपुर के शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर जा रही थी। सोमवार शाम करीब 6:30 बजे भड़रिया-डुमरियागंज मार्ग पर कादिराबाद गांव के पास अचानक बस के सामने एक बाइक सवार आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने तेजी से कट लिया, जिससे बस अनियंत्रित होकर सीधे नाले में जा समाई।
चीख-पुकार के बीच ग्रामीणों ने दिखाया साहस
बस के नाले में गिरते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया और चारों ओर चीख-पुकार सुनाई देने लगी। घटना की आवाज सुनकर पास के कादिराबाद गांव के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और कीचड़ के बीच से बस की खिड़कियां और दरवाजे खोलकर सभी 80 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
सूचना मिलते ही डुमरियागंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची। गंभीर रूप से घायल चालक और महिला यात्री को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है। गनीमत रही कि बस की रफ्तार कम थी और वह पलटी नहीं, अन्यथा परिणाम बेहद भयावह हो सकते थे।

0 टिप्पणियाँ