रवींद्र भट्ट | बस्ती मंडल न्यूज़

बस्ती। जनपद में टोल टैक्स की बढ़ती दरों और मनमानी वसूली के खिलाफ बुधवार को सरदार सेना ने मोर्चा खोल दिया है। बस्ती मंडल न्यूज़ के पत्रकार रवींद्र भट्ट की रिपोर्ट के अनुसार, संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर एक चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा, जिसमें स्थानीय निवासियों को टोल टैक्स से मुक्ति दिलाने और शुल्कों में भारी कटौती करने की मांग की गई है।

हर्रैया टोल टैक्स को 50% कम करने की मांग

​जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में सरदार सेना ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जनपदवासियों से टोल टैक्स की वसूली बंद की जाए। साथ ही, हर्रैया टोल प्लाजा पर लगने वाले शुल्क को तत्काल प्रभाव से 50 प्रतिशत कम करने की मांग उठाई गई है। संगठन का कहना है कि टोल की संख्या और वर्तमान व्यवस्था की समीक्षा कर आम जनता को राहत देना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

मड़वानगर टोल पर स्थानीय वाहनों की परेशानी

​सरदार सेना के जिलाध्यक्ष विनय चौधरी और सल्टौआ ब्लॉक अध्यक्ष डी.के. वर्मा धनंजय ने बस्ती मंडल न्यूज़ से खास बातचीत में बताया कि जिले में दो-दो टोल प्लाजा (मड़वानगर और हर्रैया) होने के कारण वाहन स्वामियों की कमर टूट रही है। विशेषकर मड़वानगर टोल प्लाजा पर स्थानीय वाहनों को बार-बार शुल्क देना पड़ता है, जिससे ट्रक और भारी वाहन चालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

प्रशासन को दी गई चेतावनी

​नेताओं ने प्रशासन का ध्यान इस ओर भी खींचा कि अक्सर रूट परिवर्तन (डायवर्जन) के कारण वाहनों को जबरन टोल प्लाजा से गुजरना पड़ता है। उन्होंने मांग की है कि इस समस्या का समुचित समाधान निकाला जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान विकास कुमार चौधरी, हरीलाल चौधरी, मनीष कुमार, विजय वर्मा, दिलीप चौधरी, राम औतार चौधरी और अजीत चौधरी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।