बस्ती। जनपद के थन्वारपुर गांव में गुरुवार देर शाम एक दिलदहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 27 वर्षीय विवाहिता का शव बंद कमरे में पंखे से लटकता हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से नीचे निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से ही मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का संगीन आरोप लगाया है।
डेढ़ महीने पहले ही मां बनी थी नीलम
मृतका की पहचान 27 वर्षीय नीलम मिश्रा के रूप में हुई है, जिनकी शादी लगभग छह वर्ष पूर्व हुई थी। बेहद भावुक करने वाली बात यह है कि नीलम का मात्र डेढ़ महीने का एक मासूम बेटा भी है। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त बच्चा अपनी दादी के पास था और नीलम अपने कमरे में अकेली थी।
दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई पुलिस
परिजनों के अनुसार, गुरुवार देर शाम जब काफी देर तक नीलम के कमरे का दरवाजा नहीं खुला और अंदर से कोई आवाज नहीं आई, तो अनहोनी की आशंका में पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने कमरे का कुंडा और दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का मंजर देखकर सबके होश उड़ गए। नीलम का शव साड़ी के फंदे के सहारे पंखे से लटक रहा था।
सिद्धार्थनगर से रोते-बिलखते पहुंचे मायके वाले
नीलम के पिता रामदेव तिवारी, जो सिद्धार्थनगर जनपद के इटवा थाना क्षेत्र अंतर्गत तुरकौलिया गांव के निवासी हैं, उन्हें जैसे ही इस अनहोनी की सूचना मिली, परिवार में कोहराम मच गया। मृतका की मां पुष्पा देवी ने दामाद और ससुराल पक्ष पर सीधे तौर पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश है।
पुलिस का बयान और कार्रवाई
थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चूंकि मामला विवाहिता की संदिग्ध मौत से जुड़ा है, इसलिए पुलिस मायके पक्ष की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हर कानूनी पहलू को ध्यान में रखकर गहनता से जांच कर रही है।

0 टिप्पणियाँ