अलीगंज (अंबेडकरनगर): जनपद के अलीगंज थाना क्षेत्र के सैदपुर रज्जीपुर गांव में एक ऐसी घटना घटी जिसने सबको हैरान कर दिया। शादी की रस्में पूरी होने के बाद जब दूल्हा अपनी दुल्हन को विदा कराकर ले जा रहा था, तभी बीच रास्ते में प्रेमी ने 'रणविजय' बनकर एंट्री मारी और दुल्हन पर अपना दावा ठोक दिया। इस हंगामे के बाद आखिरकार दूल्हे को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।

फिल्मी अंदाज में रोका रास्ता

​अयोध्या निवासी दिनेश (दूल्हा) अपनी दुल्हन महिमा की विदाई कराकर मुश्किल से कुछ ही दूर पहुंचा था कि तभी रणविजय नाम का युवक अपने साथियों के साथ बाइक लेकर कार के सामने आ गया। उसने कार का दरवाजा खोलकर दूल्हा-दुल्हन को नीचे उतारा और महिमा का हाथ पकड़कर कहा— "यह मेरी गर्लफ्रेंड है, इसे मैं अपने साथ ले जा रहा हूं।"

मोबाइल में दिखाए फोटो और शादी टूटी

​जब दूल्हे ने इसका विरोध किया, तो रणविजय ने सबूत के तौर पर मोबाइल में पिछले दो साल के रिलेशनशिप के फोटो दिखाने शुरू कर दिए। मौके पर दुल्हन के घरवाले और पुलिस भी पहुंच गई। फोटो देखने के बाद दूल्हे पक्ष ने गहरा ऐतराज जताया और सब कुछ जानने के बाद शादी तोड़ने का फैसला कर लिया। दिन भर चली पंचायत के बाद दूल्हा बिना दुल्हन के ही अयोध्या लौट गया।

पुलिस की कार्रवाई

​अलीगंज कोतवाल भूपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों ने थाने के बाहर आपसी समझौता कर लिया है और लिखित में दिया कि वे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते। हालांकि, शांति व्यवस्था बिगाड़ने के आरोप में पुलिस ने प्रेमी रणविजय का शांति भंग (151) में चालान कर दिया है।

दुखद अंत: खुशियों में लगा ग्रहण

​दुल्हन की मां गरिमा ने बताया कि उन्होंने बड़े अरमानों से बेटी की शादी की थी, लेकिन इस अप्रत्याशित घटना ने परिवार की खुशियों पर पानी फेर दिया। फिलहाल दुल्हन अपने मायके वापस चली गई है।

बस्ती मंडल न्यूज़ डेस्क हर खबर पर हमारी पैनी नज़र।