बस्ती मंडल न्यूज़ | संवाददाता: मृत्युंजय शर्मा, अम्बेडकरनगर
अम्बेडकरनगर। जनपद के भीटी रोड पर अधिवक्ता प्रभात मिश्रा पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में मंगलवार को अधिवक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में वकीलों ने कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित होकर जोरदार प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान अधिवक्ताओं ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जमकर नारेबाजी की।
तरसावां मोड़ के पास हुआ था अपहरण का प्रयास
यह सनसनीखेज घटना रविवार को महरुआ थाना क्षेत्र के भीटी रोड स्थित तरसावां मोड़ के पास हुई थी। आरोप है कि हमलावरों ने अधिवक्ता प्रभात मिश्रा की गाड़ी रोककर उन पर जानलेवा हमला किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर उन्हें जबरन एक स्कॉर्पियो वाहन में लादकर ले जाने का प्रयास कर रहे थे और इस दौरान उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।
लूटपाट और तोड़फोड़ का भी आरोप
पीड़ित अधिवक्ता प्रभात मिश्रा, जिनका उपचार फिलहाल जिला अस्पताल में चल रहा है, ने बताया कि हमलावरों ने न केवल उनके साथ मारपीट की, बल्कि उनका मोबाइल फोन, गाड़ी की चाबी और सोने की चेन भी छीन ली। हमले के दौरान उनकी कार में भी तोड़फोड़ की गई। स्थानीय लोगों के बीच-बचाव के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई और वकीलों की नाराजगी
अधिवक्ता की तहरीर पर पुलिस ने आधा दर्जन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा तो दर्ज कर लिया है, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी न होने से वकीलों में भारी आक्रोश है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुँचे सैकड़ों अधिवक्ताओं ने साफ किया कि जब तक आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट नहीं लगाया जाता और उनकी गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रशासन को अल्टीमेटम
जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने जल्द ही ठोस कार्रवाई सुनिश्चित नहीं की, तो अधिवक्ता न्यायिक कार्यों का बहिष्कार कर बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। फिलहाल पुलिस की टीमें आरोपियों की शिनाख्त और गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं।

0 टिप्पणियाँ