बस्ती मंडल न्यूज़ | संवाददाता: गोविंद कुमार, संतकबीरनगर

मेंहदावल, संतकबीरनगर। जनपद के मेंहदावल थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी, जब रूटीन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध वाहन से करीब 34 लाख रुपये की भारी नकदी बरामद हुई। पुलिस ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है। इस बड़ी बरामदगी की सूचना के बाद आयकर विभाग की टीम ने भी जांच की कमान संभाल ली है।

घेराबंदी कर पकड़ी गई संदिग्ध गाड़ी

​घटना मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे की है। मेंहदावल थाना पुलिस मेंहदावल-बौरव्यास मार्ग पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय भागने का प्रयास किया। पुलिस की सक्रियता और घेराबंदी के कारण वाहन सवार तीनों व्यक्तियों को मौके पर ही दबोच लिया गया। जब वाहन की तलाशी ली गई, तो उसमें रखे भारी मात्रा में कैश को देखकर पुलिस दंग रह गई।

आयकर विभाग की टीम ने शुरू की गिनती

​मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत इसकी सूचना आयकर विभाग को दी। गोरखपुर से आयकर विभाग के इंस्पेक्टर चंद्रमणि सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम मेंहदावल पहुँची। टीम ने बरामद नकदी को अपनी कस्टडी में लेकर उसकी गिनती की और रुपयों के स्रोत का पता लगाना शुरू कर दिया है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इतनी बड़ी रकम कहाँ से लाई जा रही थी और इसे कहाँ ले जाया जाना था।

थानाध्यक्ष का बयान: गहन जांच जारी

थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि वाहन चेकिंग के दौरान कुल 34 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं। पकड़े गए तीनों संदिग्धों से पुलिस और आयकर विभाग की संयुक्त टीम कड़ी पूछताछ कर रही है। उन्होंने कहा कि बरामदगी के संबंध में कोई भी पुख्ता दस्तावेज पेश न किए जाने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर ही आगे का खुलासा किया जाएगा।